संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। शहीद गिरधारी लाल राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन में खंड स्तर पर एक दिवसीय प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत मिशन बुनियाद एवं सुपर-100 कार्यक्रम का आयोजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने दर्शकों और अतिथियों की तालियां बटोरी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुहला एसडीएम कृष्ण कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी कैथल रविंद्र कुमार तथा खंड शिक्षा अधिकारी सीवन सुरेश कैंदल ने शिरकत की। कार्यक्रम में सबसे पहले विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अधिकारीगण ने सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। अतिथियों के सम्मान में विद्यालय के छात्रों ने डॉ. ज्योति लता व संगीत अध्यापक इंद्र जीत की ओर से तैयार करवाई गई सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत गाया।
कार्यक्रम के दौरान सातवीं के छात्र सुमित ने हरियाणवी रागिनी सुनाई। प्रदीप एंड कंपनी ने सुधर जाओ नामक लघु नाटिका प्रस्तुत की एसडीम ने कहा कि प्रतिभा किसी की गुलाम नहीं होती। उपस्थित छात्रों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप में भी बहुत बड़ी-बड़ी प्रतिभाएं छिपी हुई हंै। आवश्यकता है उनकी पहचान करने की।
उन्होंने कहा कि अपना लक्ष्य बनाएं एवं जी तोड़ मेहनत करें। बच्चों को बताया कि आपको परीक्षा की चिंता नहीं करनी चाहिए, बल्कि यह अपना पूरा ध्यान लक्ष्य की तरफ लगाना चाहिए। शिष्य अर्जुन और गुरु द्रोणाचार्य का उदाहरण देकर लक्ष्य को लक्षित करने की कला के बारे में बताया। एसडीम ने ब्लाक स्तर पर बहुत ही सफल कार्यक्रम बनाने के लिए प्रधानाचार्य स्टेट अवॉर्डी सुदर्शन शर्मा की खूब सराहना की।
जिला शिक्षा अधिकारी ने एसडीएम को स्मृति चिह्न प्रदान किया। प्रधानाचार्य स्टेट अवार्डी सुदर्शन शर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कैंदल को मोमेंटो प्रदान किया। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कैंदल ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के बच्चों को विकास की अग्रीम पंक्ति में लाने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्यक्रम प्रबंधन के लिए प्रधानाचार्य, स्टाफ सदस्यों एवं स्कूल प्रबंधन की खूब सराहना की। मिशन बुनियाद कार्यक्रम में खंड राजौंद से जुड़ी सेंटर कोऑर्डिनेटर गुरमीत कौर व चीका से अंजना को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन बच्चों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया जो सुपर-100 कार्यक्रम में इस वर्ष चयनित हुए थे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी छात्रों व अभिभावकों का धन्यवाद किया एवं खासकर विद्यालय टीम का इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद किया।