कलायत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीमला में मंडल स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की संसदीय परंपराओं, देश की वर्तमान परिस्थितियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। युवा संसद के मंच पर विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत की।
विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने देश की वर्तमान समस्याओं, जनहित के मुद्दों तथा सरकार की नीतियों को लेकर सत्ता पक्ष को तीखे सवालों के माध्यम से घेरने का प्रयास किया। वहीं सत्ता पक्ष के विद्यार्थियों ने भी पूरे आत्मविश्वास, तर्कपूर्ण तथ्यों एवं प्रभावशाली संवाद के साथ विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं सकारात्मक कार्यों का विस्तार से वर्णन किया। प्राध्यापक वीरेंद्र कौशिक, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन व अन्य मौजूद रहे।