गुहला-चीका। एनसीओआरडी गतिविधियों के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगोंध में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य शिक्षा परिवार और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। विद्यार्थियों ने प्रस्तुति के माध्यम से नशे से दूर रहने और स्वस्थ सकारात्मक और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। एनसीओआरडी ब्लॉक नोडल अधिकारी बुट्टा सिंह और विद्यालय के एनसीओआरडी नोडल अधिकारी रविंद्र सिंह ने भी नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।