संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शिक्षा विभाग की ओर से जिलेभर के राजकीय प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच रामलीला का मंचन करवाया जाएगा। इसके साथ ही एक दीया कार्यक्रम और पीटीएम (अध्यापक-अभिभावक बैठक) भी आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 28 अक्तूबर यानि सोमवार को आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के संबंध में शनिवार को डीईईओ सरोज ने सभी खंड के बीईओ की बैठक ली।
डीईईओ ने बताया कि जिला के सभी प्राथमिक विद्यालयों में रामलीला के मंचन के दिन विद्यार्थियों के अभिभावकों को आमंत्रित किया जाना है। इस मौके पर सभी प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापक-अभिभावक बैठक भी होगी।
सभी विद्यार्थियों के माता-पिता को निपुण रामलीला के मंचन और पीटीएम के लिए विद्यालय मुखिया की ओर से एक व्हाट्सएप मैसेज भेज कर निमंत्रण दिया जाना है। इस दिन प्रत्येक विद्यार्थी के माता पिता को विद्यालय का भ्रमण करते हुए कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय कंप्यूटर रूम, दोपहर के भोजन की रसोई, किचन गार्डन व स्मार्ट क्लासरूम प्रदर्शनी स्टाल आदि दिखाएं जाएंगे।
कक्षा अध्यापक यह सुनिश्चित करें की कक्षा-कक्ष की सफाई सजावट तथा प्रिंट रिच वातावरण बनाया जा सकें। कहा कि माता-पिता व सभी अभिभावकों को एक दीया स्कूल के नाम कार्यक्रम की भी जानकारी दी जाए। सभी स्कूल मुखिया अपने अध्यापकों के साथ पीटीएम के दौरान होने वाली गतिविधियों पर चर्चा करेंगे और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए योजनाएं बनाएंगे। इसमें शिक्षकों की ड्यूटी लगाएंगे।
उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन को देखने के लिए विद्यार्थियों के माता-पिता के साथ-साथ सेवानिवृत्ति अध्यापकों, कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिकों व गणमान्य व्यक्तियों को न्योता दिया जाना हैं। इस दिन विद्यालय में निपुण स्टॉल प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें टीएलएम के साथ-साथ सभी कक्षाओं की पुस्तकें अभ्यास- पुस्तक शिक्षक संदर्शिका बालवाटिका की पुस्तकें व अन्य संबंधित सामग्री प्रदर्शित की जानी है।
डीईईओ सरोज कुमारी ने एक दीया स्कूल के नाम कार्यक्रम के दिशा-निर्देश बताते हुए कहा कि 28 अक्तूबर की शाम पांच बजे स्थानीय विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य व विद्यार्थी साथ मिलकर एक दीया स्कूल के नाम कार्यक्रम का आयोजन करेंगे व दीप शृंखला बनाएंगे। कार्यक्रम के लिए बच्चे घरों से दीया व तेल बत्ती लेकर आएंगे।