संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थी एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत भ्रमण करेंगे। इसके लिए समग्र शिक्षा विभाग की ओर से नौ लाख 96 हजार की राशि जिले के सात पीएम श्री विद्यालयों के लिए जारी की है। ताकि पीएम श्री विद्यालय के कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के बच्चे दार्शनिक स्थलों का भ्रमण कर सकें और बाहरी वातावरण से परिचित हो सके।
वीरवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी की छात्राएं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत दार्शनिक स्थलों के भ्रमण के लिए पंचकुला रवाना हुई। प्रधानाचार्य जसमेर सिंह ने हरी झंडी देकर छात्राओं को रवाना किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य एजुकेशनल होने के साथ साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास करना और उन्हें बाहरी वातावरण से परिचित करवाना है। इसके साथ साथ बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करना है।
भ्रमण के ऑर्गेनाइजर विज्ञान अध्यापक सुखविंद्र सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय को कक्षा दसवीं से बारहवीं तक के 163 बच्चों भ्रमण करवाना है। यह भ्रमण पंचकुला के कैक्टस पार्क, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स व पिंजौर गार्डन जाएगा। वीरवार को रवाना हुए भ्रमण में कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को शामिल किया है।
भ्रमण में दो महिला अध्यापिकाएं गुरप्रीत कौर, ममता चौहान और दो पुरुष अध्यापक ईश्वर सिंह व नरेश कुमार संस्कृत अध्यापक शामिल रहेंगे। इस कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विद्यालय के लडक़ों को भ्रमण के लिए करनाल ले जाया जाएगा।
जिला परियोजना अधिकारी सुरेंद्र कुमार आर्य ने कहा कि सभी सात पीएमश्री स्कूलों के लिए नौ लाख 96 हजार की राशि जारी कर दी गई है। सभी पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्य को भ्रमण के लिए सूची भी भेज दी है। जो राज्यभर में बहुत से दर्शनीय स्थान को पीएम श्री स्कूलों के बच्चों को दिखाकर लेकर आएंगे।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पीएम श्री भूना, पीएम श्री नरड़, पीएम श्री कमालपुर, पीएम श्री हाबडी के बच्चे भी कुरुक्षेत्र व करनाल भ्रमण के लिए जाएंगे। जहां बच्चों को कुरुक्षेत्र श्री कृष्णा म्यूजियम, पैनोरमा, चिड़ियाघर, कल्पना चावला तारामंडल करनाल का एनडीआरआई दिखाया जाएगा।