संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बड़सीकरी में बाल ग्राम पंचायत और बाल ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता पर सुझाव रखते हुए नेतृत्व कौशल विकसित करने के संबंध में और लोकतंत्र के महत्व पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी, कलायत, सुरेश कुमार नैन रहे। इस कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य गोरा सिंह ने किया। सभी ने बच्चों के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, कैथल से आए निर्णायक मंडल के सदस्य—प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान जितेंद्र सिंह, राजकुमार और रतन कुमार ने किया। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खड़ालआ के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कमालपुर के प्रधानाचार्य सुनील जिंदल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य गोरा सिंह ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व कौशल को विकसित करने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अत्यंत
महत्वपूर्ण हैं।
सरकारी स्कूलों में आयोजित होने वाली बाल ग्राम पंचायत और बाल ग्राम सभा बच्चों को निर्णय लेने, सामुदायिक विकास में भाग लेने और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। बाल ग्राम सभा में स्वच्छ भारत, पोषण, शिक्षा अधिकार और अन्य स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई। बच्चों ने इन विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए और कार्यक्रम को अपनी प्रतिभा से जीवंत बना दिया। बाहर से आए अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।