मॉडलों के जरिए समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करते विद्यार्थी। विज्ञप्ति
कैथल। ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल कैथल में विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने के लिए टेक स्पार्क 2.0 परियोजना प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार किए गए विभिन्न मॉडल, गेम और डिजिटल प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
खास बात यह रही कि बच्चों ने रोजमर्रा की समस्याओं को तकनीक के माध्यम से हल करने के प्रयास किए। विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, एआईओटी, आईओटी, एमआईटी ऐप इन्वेंटर, कैनवा डिजाइनिंग और सतत विकास जैसे विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि इनका इस्तेमाल वास्तविक जीवन में किस तरह किया जा सकता है।
ई-वेस्ट में अनुपयोगी कीबोर्ड और माउस का दोबारा उपयोग कर बनाई गई कलाकृतियां भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम के दौरान कक्षा पांचवीं और छठी के विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन सुरक्षा, सावधानी और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
प्रदर्शनी में एआई के सही और जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। सहोदय कॉम्प्लेक्स के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्य अतिथि डॉ. अंजू भंडारी गांधी और डॉ. स्तुति मेहला ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट की सराहना की।