कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। आगामी दिनों में पराली जलाने की एक भी नई घटना नहीं होनी चाहिए। जिन गांवों और क्षेत्रों में धान की कटाई का कार्य अभी शेष है, वहां स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए। कर्मचारियों की उपलब्धता और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत ड्यूटी चार्ट तैयार किया जाए।
डीसी अपराजिता बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में फसल अवशेष प्रबंधन और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहीं थीं। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी पुलिस विभाग के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करें। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाए। उप कृषि निदेशक डाॅ. रविंद्र जाखड़ ने बताया कि फसल अवशेष जलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 44 लोगों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और एक लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस अवसर पर एडीसी डाॅ. सुशील कुमार, डीएसपी बीरभान, डीडीए डाॅ. रविंद्र जाखड़, डीडीपीओ रितु लाठर और डीआरओ चंद्र मोहन मौजूद रहे।
डीसी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि पराली जलाने की घटना या ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए स्वयं भी फील्ड में रहें और अपने स्टाफ को ओर अधिक सक्रिय करें। निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इस बारे में किसानों के साथ संवाद करते हुए उन्हें जागरूक करें।