नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट के सामने सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर फैल गया। गदंगी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है। नगर परिषद के गेट के सामने जमा गंदा पानी से आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन फिसलने की स्थिति भी बन रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
जलभराव के चलते कार्यालय आने वाले नागरिकों, कर्मचारियों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को कीचड़ व बदबू से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दीपक, अमन का कहना है कि पहले भी कई बार यहां सीवर जाम की स्थिति बन चुकी है, लेकिन नगर परिषद के अधिकारी द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना हैं कि सफाई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। गंदा पानी सड़क पर फैलने से आसपास के दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। बदबू के कारण ग्राहक दुकानों पर आने से बच रहे हैं। वहीं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई करवाई जाए और भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि नगर परिषद कार्यालय के ठीक सामने इस तरह की गंदगी होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। संवाद