३०-ढांड। स्ट्रीट लाइटो ठीक करवाने की मांग करते ग्रामीण।
ढांड। कौल से गुजर रहे करनाल-पटियाला हाइवे तथा गांव की फिरनी पर लगाई गई लाइटें काफी दिनों से बंद पड़ी हुई है। इससे ग्रामीणों में संबंधित विभाग के प्रति गहरा रोष है। जिनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। ग्रामीण राम मेहर, दीपक शर्मा, शकीन पाल, कुलदीप, रमेश कुमार, जगदीश ने बताया कि विधायक रणधीर गोलन की ओर से हलके के 26 गांवों में करोड़ों रुपयों की लागत से दुधिया लाइटें लगवाई गई थी लेकिन ये लाइटें पिछले काफी दिनों से बंद पड़ी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करनाल पटियाला हाइवे पर नहर पुल के पास से अनाज मंडी तक अधिकतर लाइटें तथा गांव की फिरनी रोड पर सभी लाइटें बंद पड़ी हुई है।
इससे सायं ढलते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। ग्रामीणों की मानें तो महानगर योजना के तहत गांव में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है जिससे गांव की सभी गलियां उबड़ खाबड़ बनी हुई हैं। अंधेरा होने के कारण गलियों में चलना भी मुश्किल हो जाता है। लाइटों को ठीक करवाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार गुहार लगा चुके हैं लेकिन समस्या को काई समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खराब हुई स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करने की मांग की है।
सरपंच प्रतिनिधि नरेश का कहना है कि अभी कुछ समय पहले ही पंचायत को लाइटों के रख रखाव का जिममा सौंपा गया है। स्ट्रीट लाइटों के संचालन के लिए छह जगहों पर मीटर लगाए गए हैं। जहां कुछ तकनीकी खराबी आई हुई है। उसके लिए जरूरी उपकरण मंगवाए गए हैं, जिनके आते ही उन्हें ठीक करवा कर चालू करवा दिया जाएगा।