संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शाम होते ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर अंधेरा छा जाता है क्योंकि वहां की ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। कुछ समय पहले नगर परिषद ने 7700 स्ट्रीट लाइटों के लिए निविदा सूचना जारी की थी। इसके बावजूद अब तक लाइटों का प्रबंध नहीं हो सका है। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खराब लाइटों वाले प्रमुख क्षेत्र :
इस समय डीसी आवास से लेकर ढांड रोड बाइपास पर मिहिर भोज चौक, ढांड रोड से सर छोटू राम चौक, विश्वकर्मा चौक से पटियाला रोड तक लगी लाइटें पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
स्ट्रीट लाइट के बिना आम लोगों को न केवल आने-जाने में परेशानी होती है, बल्कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ जाती है। कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर घना अंधेरा हो जाने से राहगीरों का घर पहुंचने में मुश्किल होती है।
दो साल बाद लगाई जानी थी ः नगर परिषद की ओर से करीब दो साल बाद स्ट्रीट लाइटों लगाने के लिए अनुमति प्रदान की गई थी। इसके तहत ही 770 लाइटों को लगाया जाना था, लेकिन इसके बावजूद यह लाइटें नहीं लग पाई हैं, नतीजा, लोग दिक्कत झेल रहे हैं।
बारिश के बाद नमी से तारों में हो जाता है शॉर्टसर्किट
पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि बारिश के बाद नमी के कारण तारों में शॉर्ट-सर्किट हो जाता है। इससे स्ट्रीट लाइट ऑफ हो जाती हैं। नेशनल हाइवे व शहर के मुख्य बाजारों में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है। इस कारण शाम होते ही इन क्षेत्र में अंधेरा हो जाता है और शहरवासियों को परेशानी होती है। नगर परिषद लंबे समय से इन स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने की कवायद चल रही है, उसके बाद भी आधे से कम स्ट्रीट लाइट ठीक हुई है।
पार्षद सुशीला शर्मा ने कहा कि नगर परिषद की ओर से ढांड रोड पर लगाई गई सैंकड़ों की संख्या में स्ट्रीट लाइटों में से अधिकतर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। स्ट्रीट लाइट खराब होने के साथ स्ट्रीट पोल व लाइटें भी टूटी हुई है। इस कारण अधिकतर स्ट्रीट लाइट बंद रहती है।
जल्द लग जाएंगी स्ट्रीट लाइटें
ऐसा नहीं है कि पूरे शहर में स्ट्रीट लाइटों की समस्या है। कुछेक जगहों पर समस्या है। जानकारी मिलते ही उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। कुछ समय पहले 7700 स्ट्रीट लाइटें लगाने की निविदा सूचना जारी की गई थी। काम प्रगति पर है। जल्द लाइटें लग जाएंगी। इनके लगने के बाद किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। -सुरभि गर्ग, अध्यक्ष नगर परिषद