कैथल/करनाल। असंध स्थित एक कपड़े के शोरूम में लाखों रुपये की चोरी हो गई। शोरूम के एरिया सेल्स मैनेजर ने स्टोर मैनेजर पर कपड़ों की हेराफेरी और गबन का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता कैथल निवासी पवन कुमार ने बताया कि वह असंध के कपड़ा शोरूम में एरिया सेल्स मैनेजर है। शोरूम के स्टोर मैनेजर सुरेश कुमार निवासी देबन गांव, कैथल के जिम्मे स्टॉक का प्रबंधन था। 10 मई को जब स्टॉक की जांच की गई तो उसमें 316 कपड़ों के पीस नहीं मिले, जिनकी कीमत लगभग 5,89,222 रुपये आंकी गई है। जब पवन कुमार ने इस संबंध में सुरेश कुमार से बात की तो वह अभद्रता से पेश आया और धमकी दी कि जो करना है कर लो। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद