संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में पंचकूला में आयोजित युवा दिवस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कैथल निवासी सरकारी आईटीआई जींद में कार्यरत डीएमएम अनुदेशक चुड़िया राम ढांडा को राज्य उद्यमी द्रोण अवार्ड से नवाजा है। चुड़िया राम को सरकार ने 5100 रुपये का चेक और प्रमाण पत्र दिया है।
गौरतलब है कि चुड़िया राम पैरा ओलंपिक के लंबी कूद के खिलाड़ी भी रह चुके हैं। यह पुरस्कार विभाग द्वारा उनके विद्यार्थी द्वारा उद्यमिता क्षेत्र में अव्वल कार्य करने के लिए दिया गया है। चूडिया राम ने बताया कि इससे दूसरे अनुदेशकों को भी बल मिलेगा। उसने बताया कि उनके द्वारा प्रशिक्षण दिए गए विद्यार्थी मोहित ने एग्रीकल्चरल इक्वीपेंमेंट का जींद में उद्योग स्थापित किया है। ढांडा पिछले करीब 10 सालों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में जुटे हैं।
वे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं, ताकि उनको किसी का सहारा न लेना पड़े और न ही सरकारी नौकरी की ओर भागना पड़े। ढांडा ने सम्मान के लिए सीएम नायब सिंह सैनी, आईटीआई जींद के प्रधानाचार्य अनिल गोयल, महानिदेशक डाॅ. विवेक अग्रवाल व संस्थान की पूरी टीम का आभार जताया।