संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग कैंची चौक से कुछ दूरी पर रेलवे रोड पर स्थित कपिल मुनि ड्रेन की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए सिंचाई विभाग ने कमान संभाली है। एक करोड़ 30 लाख रुपये के बजट से इससे पक्का व निर्धारित स्थान पर पैनलों का निर्माण करते हुए कवर्ड किया जाएगा, ताकि निकासी के साथ-साथ साफ-सफाई व अंदर की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा सके। वीरवार को सिंचाई विभाग के एसडीओ प्रदीप कुमार तकनीकी टीम के साथ जारी निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे।
इस मौके पर एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि लंबे समय से ड्रेन की मिट्टी के कटाव, ओवरफ्लो, दुर्गंध और अन्य विषयों को लेकर क्षेत्र के लोग परेशानी जाहिर करते आए हैं। इसके मद्देनजर जनहित से जुड़ी इस समस्या के निवारण को लेकर प्रारूप तैयार किया गया। लोकसभा चुनाव अचार संहिता से पहले मुख्यमंत्री ने इसके लिए एक करोड़ 30 लाख रुपये का बजट स्वीकार किया था। इसके आधार पर टेंडर प्रक्रिया अपनाते हुए वर्क आर्डर जारी किए गए। कलायत में अपनी तरह की यह पहली योजना है। सिंचाई विभाग ने प्रदेश मेंं आवासीय क्षेत्रों से गुजर रही ड्रेनों को सुरक्षित रूप देने की महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर उतारा है। इसमें 1300 फीट के आवासीय क्षेत्र से जुड़े हिस्से पर कार्य शुरू हो गया है।