जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
महाराजा जाट सूरजमल खेल स्टेडियम में महिला एवं बाल कल्याण विकास विभाग की ओर से शनिवार को जिला स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला के विभिन्न गांवों की महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विभाग कार्यक्रम अधिकारी एवं सीडीपीओ रेनू पसरीजा ने किया। इस मौके पर महिलाओं ने 100, 200, 400 मीटर रेस, आलू रेस, मटका दौड़, चम्मच रेस, साइकिल रेस में भाग लिया।
सीडीपीओ रेनू पसरीजा ने कहा कि महिलाओं का पुरुषों से भी आगे निकलना उनकी सफलता को प्रमाणित करता है। विभाग की ओर से महिलाओं के हितों में चलाई जा रही सरकार की योजनाओं के मद्देनजर समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। महिलाओं ने अपनी प्रतिभा से पूरे विश्व में देश का डंका बजा है। आलू, चम्मच रेस में रीना ने पहला, नीलम ने दूसरा, राजबाला ने तीसरा, 100 मीटर रेस में मुकेश कुमारी ने प्रथम, कृष्णा ने दूसरा व अनु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार से 300 मीटर में मीना प्रथम, इंदूबाला द्वितीय, राजबाला तृतीय, 400 मीटर रेस में सुनीता ने पहला, गीता ने दूसरा व रेनू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पांच किलोमीटर की साइकिल रेस में अल्का प्रथम, अनु द्वितीय व राजबाला ने तीसरा स्थान हासिल किया।