कुशलवीर का भव्य स्वागत किया गया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा गन्नौर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के 400 व 800 मीटर रेस में रजत पदक हासिल करने वाले एमडीएन स्कूल के छात्र कुशलवीर का कलायत पहुंचने पर स्कूल में भव्य स्वागत किया गया। स्कूल के प्रबंध निदेशक डा. विजय कंसल, रामगढ़ गांव के सरपंच, पंचों व गणमान्य लोगों ने स्कूल परिसर में विजेता का सम्मान किया। बाद में विजयी जलूस निकालते हुए गांव रामगढ़ पांडवा के लोग ढोल ताशे के साथ कुशलवीर को गांव में ले गए। गांव में पहुंचने पर भी विजेता छात्र का परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया। कुशलवीर ने अपनी उपलब्धि का पूरा श्रेय अपने पिता दिलबाग सिंह के प्रोत्साहन व स्कूल प्रबंधन को दिया।
स्कूल के प्रबंध निदेशक डा. विजय कांसल ने कुशल को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कुशलवीर से उनके स्कूल को बहुत अपेक्षाएं हैं। जिस तरह से अपना बेहतरीन प्रदर्शन देते हुए कुशल ने राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीता वह उनके स्कूल ही नहीं बल्कि कलायत खंड व जिला कैथल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विजेता खिलाड़ी को पुरस्कार स्वरूप 51 सौ रुपये के साथ खेल किट प्रदान की। साथ में यह भी घोषणा की कि कुशलवीर को तराशने में स्कूल पूरा खर्च करेगा। इस मौके पर पूर्व सरपंच गुरुदेव सिंह, मौजूदा सरपंच ऋषिपाल, सूबे सिंह, कुलदीप सिंह, सुखबीर सिंह, दीप, जोगेंद्र, बंसीलाल, किशन लाल, मंजीत पूनिया, बलजीत, राजेश, कुलदीप भी मौजूद रहे।