कैथल। नैनीताल उत्तराखंड में आयोजित 99वीं ऑल इंडिया ट्रेडस कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्टस हॉस्टल हाबड़ी की टीम ने एनईआर रेलवे वाराणसी को दो शून्य से मात दी। प्रतियोगिता को लेकर कोच सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता आठ जून को शुरू हुई थी, जो 24 जून तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 42 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल हाबड़ी कैथल की टीम भी भाग ले रही है। उन्होंने बताया कि स्पोर्टस हॉस्टल हाबड़ी कैथल की टीम के कुल पांच मुकाबले हुए हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हाबड़ी कैथल की टीम ने सीएजी दिल्ली की टीम को एक शून्य से हराया। वहीं, शनिवार शाम को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्टस हॉस्टल हाबड़ी कैथल की टीम के खिलाड़ियों ने एनईआर रेलवे वाराणसी को दो शून्य से मात देकर फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है। रविवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला इनकम टैक्स दिल्ली व शाहबाद की टीम के साथ होगा। इन दोनों टीमों में से जो भी टीम जीतेगी वो स्पोर्ट्स हॉस्टल हाबड़ी कैथल की टीम के खिलाड़ियों के साथ फाइनल मुकाबला खेलेगी।