कैथल। सिरटा रोड पर तेज रफ्तार डिजायर कार ने फोर्ड फिगो कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में फोर्ड फिगो कार में सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायल गांव कसौर निवासी जोगिंद्र कौर, उनकी पुत्रवधू राजविंद्र कौर और राजविंद्र के भाई तरसेम हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहीं टक्कर मारने वाली कार का चालक मौके से भाग गया। घायल जोगिंद्र कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे अपनी पुत्रवधू राजविंद्र कौर और भाई तरसेम के साथ गांव टीक जा रही थीं। राजविंद्र को अपने मायके में पोते प्रिंसदीप सिंह की शादी का न्योता देना था। प्रिंसदीप की शादी 28 जनवरी 2027 को तय हुई है। 12 नवंबर को तरसेम अपनी कार से राजविंद्र को लेने गांव किसौर पहुंचा था। शाम करीब 6:10 बजे जब वे सिरटा रोड पर पहुंचे, तभी कैथल की तरफ से आई एक तेज रफ्तार डिजायर कार ने उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को चोटें आईं। उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जोगिंद्र कौर ने आरोप लगाया कि डिजायर कार का चालक शराब के नशे में था।
अज्ञात चालक के खिलाफ शिकायत
हादसे के बाद डिजायर कार का चालक मौके से भाग गया। राहगीरों ने तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जोगिंद्र कौर ने पुलिस को अज्ञात डिजायर कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीएसपी हरदीप ने बताया कि शिकायत के आधार पर जोगिंद्र कौर के बयान दर्ज किए गए। अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।