संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। गांव भ्रमण मुहिम के तहत एसपी राजेश कालिया ने गांव पीडल का भ्रमण करके ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव बताकर नशे से दूर रहने को कहा। इस मौके पर उन्होंने गांव की सुरक्षा व पुलिस से संबंधित समस्याएं पूछी। साथ ही त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
इस मौके पर एसपी ने कहा कि यह कार्यक्रम इसलिए आयोजित किया गया है कि पुलिस व आमजन में दूरी न रहे। सभी चाहते है कि हमारा राज्य हरियाणा नशे से मुक्त हो। हम सब की ये नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम सब नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। जनता के सहयोग से ही नशे को खत्म किया जा सकता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि नशा मुक्ति के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद प्रतियोगिता करवाएं। वहीं उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या और उनकी गतिविधियों की निगरानी करने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि गांव में शांति का माहौल बना रहेे। इस मौके पर डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल, चीका एसएचओ एसआई सुरेश कुमार, एएनसी इंचार्ज एसआई सिंह राज, एसपी प्रवाचक एसआई तरसेम लाल आदि मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश ः गांव पीडल में एसपी ने पौधरोपण किया। एसपी ने कहा कि पौधरोपण करके हम सभी को मानवीय कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। प्राकृतिक संतुलन के साथ वातावरण स्वस्थ होगा तो हम स्वस्थ होंगे। बीमारियों से बचे रहेंगे। हमें अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्राकृतिक संतुलन को बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।