10-कैथल। पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का औचक निरिक्षण करते हुए एसपी विरेन्द्र विज।
- फोटो : Kaithal
एसपी वीरेंद्र सिंह ने वीरवार की सुबह लघु सचिवालय में स्थित पुलिस की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया और वहां मिले अनावश्यक सामान को लेकर कर्मचारियों व शाखा प्रभारियों से सवाल किए। एसपी ने कई जगह कर्मचारियों को फटकार भी लगाई और कहाकि सोमवार को वे फिर से कार्यालयों का दौरा करेंगे। उस समय किसी भी कार्यालय में अनावश्यक चीज यहां-वहां बिखरी हुई नहीं होनी चाहिए।
एसपी वीरेंद्र सिंह वीरवार सुबह लघु सचिवालय में अपने कार्यालय के आस-पास स्थित पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कार्यालयों के औचक निरीक्षण पर निकले। उन्होंने रीडर ब्रांच, आरडब्ल्यू ब्रांच, डीएसपी कार्यालयों, रिकॉर्ड ब्रांच सहित विभिन्न शाखाओं में एक-एक करके कर्मचारियों से बातचीत की। उनका परिचय लिया। साथ ही उनके काम के बारे में जानकारी हासिल की। एसपी ने कई कार्यालयों में जमीन पर ही रखे हुए कम्प्यूटर व अन्य सामान को लेकर जवाब तलब किया तो कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसी प्रकार से कई शाखाओं में कुर्सी भी टूटी हुई थीं। जिन्हें बदलने के लिए एसपी ने शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कर्मचारी हर रोज काम करते हैं, उस जगह को साफ-सुथरा एवं कार्यालय के डेकोरम के हिसाब से मेंटेन रखा जाए। किसी भी कार्यालय में अनावश्यक सामान ना हो। यदि कोई सामान है तो उसे अच्छी तरह से पैक करके उचित जगह पर रखें। कर्मचारी पीएम मोदी के स्वच्छता मिशन का विशेष ख्याल रखें और अपने आस-पास के वातावरण में साफ-सफाई बनाए रखें। उनके साथ रीडर सहित विभिन्न पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।