कलायत। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलायत के कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ व राष्ट्रीय सेवा योजना विंग की ओर से नगर में साइकिल स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी प्रवक्ता सुरेंद्र कुमार ने की। रैली का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना, शहर को स्वच्छ रखना व नशा के दुष्प्रभावों से बचने के लिए प्रेरित करना था।
रैली की अगुवाई अर्थशास्त्र के प्रवक्ता विश्व प्रताप सिंह राणा ने की। रैली स्कूल से शुरू होकर पीएनबी बैंक से होते हुए शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान छात्राओं ने शहर वासियों को स्वच्छता का महत्व समझाया। प्रवक्ता व प्रभारी कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ गुरनाम सिंह ने स्वच्छता अपनाओ गंदगी भगाओ, पराली नहीं जलाएंगे, वातावरण व शहर को स्वच्छ रखेंगे आदि नारों का उद्घोष किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश बीमारियां गंदगी के कारण ही पैदा होती हैं। कार्यक्रम अधिकारी राज सिंह ने कहा कि पराली जलाने से हमारे शरीर पर बहुत दुष्प्रभाव पड़ते हैं व भूमि की उपजाऊ शक्ति नष्ट होती है। अवशेष जलाने से मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं जो भूमि की उर्वरकता बढ़ाने में सहायक हैं। इस मौके पर व्यवस्था बनाने में सुनील कुमार, प्रतिभा देवी, संजीव मित्तल, नरेश कुमार, संदीप कुमार का विशेष योगदान रहा। संवाद
1केएलटी47: जागरूकता रैली की शुरूआत करती स्कूल की छात्राएं