हाईटेंशन की चपेट में आकर मासूम की मौत
- फोटो : ब्यूरो
पूंडरी। पाई रोड स्थित एक कालोनी में 10 साल का हर्ष एक निर्माणाधीन मकान पर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम की मौत हो गई। त्योहार के दिन बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया। बच्चा पतंग लेने के लिए छत पर गया था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
पड़ोसियों के अनुसार शमशेर सिंह के तीन लड़के हैं। हर्ष उनमें दूसरे नंबर का था। तीज की छुट्टी के चलते सभी बच्चे मौज मस्ती कर रहे थे। शाम करीब चार बजे हर्ष की पतंग निर्माणाधीन मकान में कहीं उलझ गई। वह अपनी पतंग छुड़वाने के लिए निर्माणाधीन मकान की छत पर चढ़ गया।
वहां छत से महज चार फुट ऊपर से 11 केवी लाइन गुजर रही थी। पतंग छुड़ाने के प्रयास में वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तारों की चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और उसके पूरे शरीर में आग लग गई। इससे पहले कि आस-पास के लोग कुछ समझ पाते हर्ष की मौत हो चुकी थी।
मासूम को बिजली का झटका इतनी जोर से लगा कि तार भी जलकर टूट गया। कालोनी के लोगों ने जब मकान की छत पर जाकर देखा तो हर्ष की गर्दन तारों के चिपकी हुई थी और उसका पूरा शरीर जल चुका था। लोगों ने लकड़ी से उसे तारों से बाहर निकाला। पुलिस को भी सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि हर्ष कस्बे के आर्य स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है। उसके पिता शमशेर सिंह सिलाई का काम करते हैं।
विभाग के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सतीश कुमार, थाना प्रभारी
यह विभाग की लगभग 40 साल पुरानी लाइन है। कॉलोनी के लोगों ने यहां अवैध रूप से मकानों का निर्माण किया है। विभाग की ओर से कॉलोनीवासियों को नोटिस भी दिया है।
रामभज जांगड़ा, एसडीओ