कैथल। गांव कैलरम निवासी किसान ओमप्रकाश के खेत में लगे सोलर पैनल 11 जून की रात आए तेज आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को छह दिन बीत चुके हैं लेकिन संबंधित कंपनी की ओर से अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे किसान को सिंचाई और आगामी फसल की तैयारियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान ओमप्रकाश ने बताया कि उनके खेत में सोलर पैनलों से संचालित सबमर्सिबल पंप भी तूफान के बाद बंद हो गया है। खेत में खड़ी पौध और आगामी फसल की बुवाई के लिए नियमित सिंचाई जरूरी है लेकिन पंप खराब होने के कारण खेती संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है और फोन के माध्यम से भी संपर्क किया गया है लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसान का आरोप है कि कंपनी ने पैनलों पर 10 वर्ष की गारंटी देने का दावा किया था, फिर भी शिकायत के बाद उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ओमप्रकाश के अनुसार, आंधी के दौरान खेत में लगे कुल 17 सोलर पैनलों में से चार पैनल पूरी तरह टूट गए। इसके अलावा पैनलों को सहारा देने वाले एंगल तथा बिजली की तारों को भी नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त पैनल अभी भी खेत में टूटे हुए पड़े हैं।
टूटे पैनल दिखाता किसान ओमप्रकाश