संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट डालकर आमजन को भ्रमित करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, कई उम्मीदवार भी मतगमणना स्थल पर पहुंचे।
एसपी राजेश कालियाने कहा कि पुलिस निगरानी में जुटी हुई है। उन्होंने सभी जिला वासियों से अपील की है कि मतगणना के दिन शांति, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अफवाहों पर ध्यान न दें, तथा सोशल मीडिया पर ऐसी बयानबाजी ना करें, जिससे आपसी द्वेष भावना फैलती हो, या शांति व्यवस्था भंग होती हो।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने जिले की चारों विधानसभाओं क्षेत्रों में बने मतगणना केंद्रों का दौरा कर अधीनस्थों को निर्देश जारी किए। इस मौके पर एसडीएम एवं कैथल आरओ अजय सिंह, एसडीएम एवं गुहला आरओ कृष्ण कुमार एवं एसडीएम एवं कलायत आरओ सत्यावान सिंह मान, पूंडरी आरओ गिरिश कुमार मौजूद रहे।
जिलाधीश डॉ. विवेक भारती ने बताया कि मतगणना को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत अंबाला रोड स्थित विश्वकर्मा चौक से छोटू राम चौक, ढांड स्थित छोटू राम चौक से चरण दास शोरेवाला मार्ग तक सभी दुकानें, शिक्षण संस्थान, आदि बंद रहेंगे। अस्पताल व मैडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं। इसी प्रकार करनाल रोड स्थित पिहोवा चौक से जाट कॉलेज तक एक तरफ ही रास्ता रहेगा।