कैथल। सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग के बिना अब सब्जियों की बिक्री नहीं होगी। एसडीएम कमलप्रीत कौर, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह, मार्केट कमेटी सचिव दीपक कुमार, पुलिस थाना शहर प्रभारी नन्हीं देवी व अन्य अधिकारियों ने शनिवार सुबह छह बजे मंडी का दौरा किया और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन कर रहे आढ़तियों व अन्य लोगों को जमकर फटकारा और उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश जारी किए। इस दौरा एक-दो आढ़तियों को सख्त निर्देश देकर पुलिस थाने भी बुलाया गया। एसडीएम कमलप्रीत कौर की अगुवाई में पहुंंचे अधिकारियों ने कहा कि आढ़ती व किसान सब्जी मंडी के प्रधान रविंद्र कुमार साथ मिलकर सामाजिक दूरी का प्लान तैयार करें और सब्जी मंडी के आढ़तियों को भी जागरूक करने का कार्य भी करें। एसडीएम कमलप्रीत कौर ने कहा कि सब्जी मंडी में ओड-ईवन आधार पर दुकानें खोलने की प्रक्रिया शुरू करें, ताकि कम दुकानें होंगी तथा भीड़ भी नही होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी काफी खतरनाक है, जो व्यक्ति के जीवन को खत्म करती है। यह महामारी एक-दूसरे के संपर्क में आने से फैलती है। सामाजिक दूरी ही इसका ईलाज है तथा इसकी पालना के लिए सब्जी मंडी में लोगों की संख्या कम होना भी आवश्यक है। उपमंडलाधीश ने थाना प्रभारी नन्ही देवी को निर्देश दिए कि वे सब्जी मंडी में दोनोंं गेटों पर पुलिस कर्मचारी की डयूटी लगाना सुनिश्चित करें। मेन गेट पर पुलिस व्यवस्था के साथ-साथ सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाए तथा सब्जी मंडी में एंट्री भी पास वाले लोगों की जाए। इस मौके पर तहसीलदार ईश्वर सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।