संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने स्नेचिंग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए स्नेचिंग मामलों में संलिप्त दो आरोपियों अनुज और देव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ के दौरान चार वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि 26 मार्च को नरवल निवासी राहुल से जाखौली अड्डा के पास बाइक सवार युवकों ने मोबाइल फोन छीन लिया था। थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई शुभकरण व एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने की।
टीम ने खुराना रोड कैथल निवासी अनुज और हरि नगर निवासी देव को ग्योंग रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात सहित कैथल में चार स्नेचिंग की घटनाएं कबूल कीं। इनमें 24 मार्च की रात पेहवा चौक से करनाल चौक मार्ग पर फर्रुखाबाद (उ.प्र.) निवासी विजय कुमार कश्यप से मोबाइल फोन
छीनने की घटना भी शामिल है, जिसकी प्राथमिकी थाना सिविल लाइन में दर्ज है।
इसके अलावा 26 मार्च को गांव सिरटा निवासी अक्षय से सिरटा रोड पर स्कूटी से जाते समय चांदी की चेन छीनी गई थी। एक अन्य वारदात 25 मार्च की शाम करनाल रोड पर ऑटो में सवार युवक से मोबाइल छीनने की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, तीन मोबाइल फोन और एक चांदी की चेन बरामद की है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।