संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। श्री कपिल मुनि माइनर पर मंगलवार दोपहर काम कर रहीं महिला मनरेगा मजदूरों के साथ हादसा हो गया। घास की सफाई करते समय दो सांप एक मजदूर के हाथ में आ गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और खौफ के कारण दो महिला मजदूर बेहोश हो गईं। इनमें से एक महिला को कैथल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना दोपहर करीब साढ़े 11 बजे की है। मेट राजू ने बताया कि लगभग चार दर्जन मजदूर श्री कपिल मुनि माइनर पर काम कर रहे थे। माइनर में पानी बह रहा था। इस दौरान जब एक महिला मजदूर घास उखाड़ रही थी, तभी घास के साथ दो सांप उसके हाथ में आ गए। महिला ने डर के मारे झटका दिया तो सांप उसके पैरों से लिपट गए।
यह देख अन्य मजदूर घबरा गए और भगदड़ मच गई। इस दौरान संतोष और सुषमा नामक दो महिला मजदूर बेहोश हो गईं, जबकि आधा दर्जन अन्य को मामूली चोटें आईं।
सुषमा को प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया, लेकिन संतोष को एंबुलेंस के जरिए कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों ने आरोप लगाया कि माइनर में पानी होने के बावजूद उनसे काम कराया जा रहा था, जिससे जान का जोखिम बना रहता है। उनका कहना है कि जब माइनर सूखे थे, तब काम नहीं दिया गया और अब जलभराव की स्थिति में मजदूरी करवाई जा रही है।
इस पूरे मामले पर बीडीपीओ रितु शर्मा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही एबीपीओ को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी और मनरेगा मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।