ट्रक चालक से 250 ग्राम अफीम व 2 किलो चुरापोस्त बरामद होने के मामले एक और आरोपी को पुलिस द्वारा सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान गांव गढ़ी सिसाना जिला सोनीपत निवासी नीरज के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी का 14 जनवरी तक 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने बताया कि सीआईए-टू पुलिस द्वारा मामले में ट्रक चालक बिंद्र हरनौली को गिरफ्तार किया गया था, जिसका 14 जनवरी तक पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रैकेट से जुडे़ मध्य प्रदेश निवासी मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आरोपियों को साथ लेकर एमपी रवाना हो गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर की अगुवाई में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम द्वारा पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी बिंद्र हरनौली से पूछताछ की गई। उसके बाद गांव गढ़ी सिसाना जिला सोनीपत से आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बिंद्र ने पूछताछ के दौरान कबूल किया था कि उसके साथी नीरज के मध्य प्रदेश के एक तस्कर के साथ संबंध है। उससे 2 किलो अफीम लेकर उसने नीरज को सप्लाई कर दी थी। इसमें से वह 250 ग्राम अफीम आगे बेचने के लिए खुद खरीद लाया, जबकि चुरापोस्त उसने एमपी निवासी मुख्य तस्कर से खरीदा था। बता दें कि पुलिस द्वारा सात जनवरी को गांव कमहेड़ी में ट्रक चालक बिंद्र हरनौली को काबू कर लिया गया था। उसके कब्जे से 250 ग्राम अफीम व 2 किलो चुरापोस्त बरामद हुआ था।