कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो 335 ग्राम चूरा पोस्त के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक विकास, जिला सिरसा के गांव शेरपुरा का रहने वाला है, जिसे खरक पांडवा के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, टीम प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार व एएसआई जसमेर सिंह की अगुवाई में बात्ता क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सूत्रों से सूचना मिली कि विकास, जो ट्रक चालक है, हाल ही में मध्य प्रदेश से लौटकर गांव खरक पांडवा आया है और पंजाब की ओर जा रहा है। ट्रक में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ होने की आशंका थी।
सूचना की पुष्टि के बाद हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर गांव बात्ता के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद कलायत की दिशा से आ रहे ट्रक को रोका गया। चालक विकास से पूछताछ के बाद नायब तहसीलदार महेश कुमार की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक के कैबिन से एक प्लास्टिक कट्टे में रखा 5 किलो 335 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
कलायत थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसआई अशोक कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। संवाद