फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंखों में जलन से परेशानी...सुबह सैर करते समय भी मॉस्क लगाकर निकले बच्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
दो-तीन दिनों से छाए स्मॉग के कारण जिले में लोग परेशान हैं। शनिवार देर सांय तक व दिन भर रविवार को आंखों में जलन बढ़ती जा रही है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 429 पहुंच गया है। जो अति गंभीर श्रेणी में आता है। रविवार को दिन में कुछ ही देर धूप निकली। इसके अलावा दिन भर स्मॉग छाया रहा। सबसे ज्यादा परेशानी सांस संबंधी दिक्कतों वाले मरीज झेल रहे हैं। वहीं गले संबंधी परेशानियां भी बढ़ गई हैं। स्मॉग की हालत यह थी कि सुबह घने कोहरे व प्रदूषण के कारक धूल के कणों के मिलने से दृश्यता 10 मीटर से कम रही। इस कारण सुबह करीब नौ बजे तक वाहन हेड लाइट जलाकर सड़कों पर रेंगते दिखाई दिए।
विज्ञापन

सुबह मॉस्क लगाए दिखे बच्चे व लोग
सुबह सैर करते समय लोग मॉस्क लगाए हुए दिखे। बच्चों ने मॉस्क तो लगाए हुए थे। लेकिन सुबह सवेरे भी आंखों में जलन की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही थी। पार्कों में सैर करने वाले लोगों की संख्या में काफी कमी पाई गई। बच्चों ने कहा कि सांस के लिए तो मास्क लगा लिया, लेकिन आंखों की जलन के लिए क्या करें। घरों से बाहर निकलते ही आंखों की जलन शुरू हो जाती है।
दुकानदार बोले एक तो रविवार और ऊपर से स्मॉग ने बढ़ाई परेशानी
रविवार के दिन आमतौर पर बाजार में ज्यादातर दुकानें बंद रहती हैं, लेकिन फिर भी कुछेक दुकानदार दुकानें खोले रखते हैं। स्मॉग के कारण उन दुकानदारों ने भी दुकानें नहीं खोली। बाजारों की तंग सड़कें अन्य दिनों की अपेक्षा खाली दिखाई दी। इक्का दुक्का लोग ही बाजार की सडक़ों पर दिखे। दुकानदार मनोज कुमार, प्रवीन, दयानंद, जगदीश व सचिन ने बताया कि वातावरण को देखते हुए वे शाम को भी अपनी दुकानों से सामान्य दिनों की अपेक्षा पहले ही चले जाते हैं। जो लोग ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं उन्हें परेशानी और ज्यादा रहती है।
विज्ञापन

छठ पर्व पर पटाखे बजा रहे थे बच्चे, पुलिसकर्मी ने रोका
सुबह बाबा शीतलपुरी घाट पर छठ पर्व के उपलक्ष्य में बच्चे पटाखे बजा रहे थे, जिन्हें सामान्य कपड़ों में पहुंचे पुलिस कर्मचारी ने रोका। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पटाखों के कारण पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे खुद भी पटाखे न जलाएं और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकें।
बरसात हुई तो मिल सकती है स्मॉग से निजात
हालांकि मौसम विशेषज्ञों की ओर से रविवार को बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन दिन भर आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बूंदाबांदी या बरसात नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बरसात होती है तो स्मॉग आसमान से हट जाएगा और मौसम साफ हो जाएगा।
सीएमओ डा. सुरेंद्र नैन ने कहा कि प्रदूषण से बचने के लिए जितना हो सके घरों से बाहर ना निकलें। बाहर निकलें तो मॉस्क लगाएं। आंखों को बार-बार पानी से धोएं। ताकि प्रदूषक के कारक आंखों में ना रहें। नाक व गले संबंधी परेशानियों वाले लोग हो सके तो बाहर निकलने से बचें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें