संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। किसान भवन पूंडरी में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की मासिक बैठक हुई। इसमें मुख्य तौर पर युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
मार्केट कमेटी कार्यालय में सावाना कंपनी के 7301 व 7501 कंपनियों के हाईब्रीड बीज की खरीद को लेकर सरकार से नीति स्पष्ट करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन सौपा।
युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आरे से पिछले वर्षों में बाजार में आए सावाना सीड्स कंपनी के सावा 7301 एवं 7501 अन्य कंपनियों के हाईब्रीड बीज किस्मों की अधिक पैदावार को लेकर पसंद किया गया है, परंतु व्हाट्स-अप ग्रुपों के मध्यम से शैलर व आढ़तियों की ओर से किसानों के बीच तरह तरह की चर्चा की जा रही है कि इन किस्मों के बीजों में चावल के टुकड़े ज्यादा हैं। इन किस्मों की सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद नही होगी। यदि खरीद होगी तो पिछले वर्ष के भांति प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य में कट लगाया जाएगा।
दूसरी ओर बीज कंपनियों ने इस दावे को झूठा इकरार देते हुए बीज दुकानों पर पोस्टर चस्पा कर दिए है कि इस प्रकार की कोई बात नहीं है,यह सब झूठ फैलाया जा रहा है। इससे प्रदेश का किसान दुविधा में है कि इन किस्मों की बीजाई की जाए या नहीं जबकि सरकार ने इस संबंध में कोई आदेश पारित नहीं किया है। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गुरनाम फरल ने की। जबकि बैठक का संचालन युवा जिलाध्यक्ष विक्रम दुसैण ने किया।
इस मौके पर रणधीर बरसाना,लहणा मुंदडी, पिरथी कौल, ओमप्रकाश चदंलाना, मोनी सिकंदर खेडी, बलिनदरं हजवाना, रामपाल मुंदडी,नरेंद्र हाबडी, शीलू बाकल, सुरेंद्र हजवाना, सतपाल गयोगं,नरेंद्र फरल, गुरुमुख फरल, शीलू गोलन, सुभाष बरसाना, विनोद बरसाना, स्वर सिंह, अमरजीत फरल,चमेल सिंह पबनावा आदि उपस्थित रहे।