कैथल। महिला पार्षद की हत्या के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। व्यापक पूछताछ के लिए सभी आरोपियों का अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। सभी से पूछताछ जारी है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि सोलह अप्रैल को राजबाला अपने पति के साथ बाइक पर लौट रही थी। वे शुभम पैलेस में शादी समारोह मेें गए थे। जीटीबी कॉलोनी की गली-5 में पीयूष कुमार के मकान नजदीक किसी ने राजबाला के सिर पर ईंट मार दी।
इस दौरान उसका पति उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवक्ता ने बताया थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह ने आरोपी पीयूष निवासी जीटीबी कालोनी, विरेंद्र उर्फ बंटी, जगसीर उर्फ गोलू, रवि, गुरमीत सिंह तथा रमेश कुमार निवासी अमरगढ़ कालोनी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी व गिरफ्तारी तथा मौके से फरार होने में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी और पूछताछ के लिए सभी आरोपियों को अदालत ने 21 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
मारपीट के आरोप में पांच गिरफ्तार
एक अन्य मामले में पिता पुत्र से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चौकी पूंडरी पुलिस ने पांच आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि फतेहपुर वासी शलिंद्र कुमार व उसका पिता 17 अप्रैल को प्लाट में पड़ी ईंटों को दीवार पर रख रहे थे कि हथियारों से लैस कुछ आरोपियों ने दोनाें पर घायल कर दिया। पुलिस ने इस आरोप में फतेहपुर वासी रामकुमार, प्रवीन, एक अन्य प्रवीन, रामेश्वर और नीरज को गिरफ्तार कर लिया है।