कैथल। सीवन नगर में अघोषित बिजली कटों और लगातार लो वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा शनिवार देर रात फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग के लिए दर्जनों नागरिक रात करीब 11 बजे स्थानीय बिजली घर पहुंच गए और घेराव कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से नगर में बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। दिन और रात में बार-बार बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जबकि रात के समय वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि कूलर, एसी, पंखे और पानी की मोटर तक ठीक से काम नहीं कर पाते। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल अमित, सुमित, रामफल और सुरेश ने बताया कि बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती बिजली खपत के मुकाबले पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। तकनीकी खामियों के कारण भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। धरने की सूचना मिलने पर बिजली निगम के एसडीओ आशीष ने फोन पर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार करने और लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। गर्मी के मौसम में बढ़ते बिजली संकट ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
बिजली निगम के एसडीओ आशीष ने बताया कि समस्या का समाधान करवा दिया गया है। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।