सीवन। हलका गुहला के सबसे बड़े गांव के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए जिला स्तर पर या दूसरे जिलों में जाना पड़ रहा है। क्योंकि गुहला का सबसे बड़ा गांव सीवन शिक्षा के क्षेत्र में भी पिछड़ा है। यहां पर अब तक न राजकीय कॉलेज बना और न ही कोई राजकीय आईटीआई।
सीवन में 40 हजार से अधिक की आबादी होने के बावजूद विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए दूर जाते हैं। शिक्षण संस्थानों का अभाव होने के कारण विद्यार्थियों को होती परेशानियां हैं। सीवन की जनता की बहुत लंबे समय से यह मांग रही है कि सीवन में एक कन्या कालेज बनाया जाए और इसके साथ ही अन्य शिक्षण संस्थान जैसे आईटीआई आदि भी बनाए जाएं, ताकि सीवन व आसपास के गांवों के बच्चों को उच्च शिक्षा या व्यवसायिक शिक्षा के लिए परेशानी न हो। हर चुनाव में शिक्षण संस्थानों का न होना मुद्दा बनाया जाता है और हर बार जनता को केवल आश्वासन ही मिलते हैं।
जब हलका गुहला से जजपा के विधायक बने तो सीवन में कन्या कॉलेज खुलवाने की बात करते करते उस काॅलेज का स्थान ही बदलवा दिया और काॅलेज को गांव लदाना चक्कू में खुलवा दिया। सीवन से लदाना चक्कू के लिए कोई बस सेवा भी नहीं है तो बच्चे वहां पर किस प्रकार से शिक्षा के लिए जा सकते हैं। बार बार मांग करने के बाद भी सीवन के हाथ कुछ नहीं लगा। संवाद
चक्कू लदाना में बना कॉलेज सीवन खंड में ही आता है। यह सीवन से महज 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां पर सीवन से काफी विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए जाते। सीवन में राजकीय
आईटीआई बनाने की मांग विधानसभा में उठाई गई। -ईश्वर सिंह, विधायक, गुहला-चीका।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
बच्चों को परेशानी होती
12वीं कक्षा के बाद सीवन के बच्चों को कैथल, कुरुक्षेत्र या चीका का रुख करना पड़ता है। ऐसे में बच्चों को परेशानी होती है और खास तौर पर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बहुत दिक्कतेें आती हैं। ऐसे में बहुत सी लड़कियों का तो शिक्षा अधर में ही छूट जाती है। लड़कियोंं के माता पिता उन्हें दूसरे शहरों में उच्च शिक्षा के लिए नहीं भेजना चाहते। ऐसे में यदि सीवन में कालेज हो तो लड़कियां भी आगे बढ़ सकती हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं। जरनैल सिंह धंजू, समाजसेवी।
बनना चाहिए कॉलेज
सीवन में न तो कोई आईटीआई बनी है और न ही कोई काॅलेज बना है। सीवन उप तहसील है ओर खंड कार्यालय भी है। सीवन के साथ आस पास के 46 गांव जुड़े हैं। ऐसे में यदि सीवन में कोई कालेज बने या आईटीआई बने तो इन गांवों के बच्चों को भी सुविधा और वह सीवन में आ कर शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। -राजीव शर्मा बिट्टू, कांग्रेस नेता, सीवन।
काॅलेज की मांग नहीं हुई पूरी
हर बार चुनाव में सीवन के लोगों की ओर से काॅलेज की मांग की जाती है और हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है। बहुत पुरानी मांग होने के साथ साथ यह बहुत ही जरूरी मांग भी है कि सीवन में एक कन्या काॅलेज हो ताकि हमारे बेटियां उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें और उनकी शिक्षा में कोई रुकावट न हो। लेकिन इस ओर किसी का कोई ध्यान नहीं है। -महावीर मंगला, सीवन।