संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अग्रोहा धाम तक पैदल यात्रा के कार्यक्रम के तहत प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल शुक्रवार को कैथल पहुंचे। उनके कैथल पहुंचने पर बाबा श्याम प्रेमियों सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। इस मौके पर हिंदू कन्या स्कूल परिसर में कन्हैया मित्तल ने भजनों से समां बांध दिया।
उल्लेखनीय है कि अपने पैदल मार्च के कार्यक्रम के तहत कन्हैया मित्तल जींद रोड पर बन रहे निर्माणाधीन तोरण द्वार का भी दौरा किया। इस मौके पर नगर परिषद सुरभि गर्ग, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित गर्ग सहित शहर के अन्य लोगों ने फूल मालाएं पहना स्वागत किया।
गौरतलब है कि प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की ओर से चंडीगढ़ से अग्रोहा धाम तक पैदल यात्रा निकाली जा रही है। वह इसी पैदल यात्रा के तहत शुक्रवार को कैथल में पहुंचेंगे। अब वे शनिवार को पैदल यात्रा के तहत जींद के नरवाना पहुंचेंगे।
इस मौके पर भजन गायक कन्हैया मित्तल ने कहा कि कैथल की पावन धरा महाभारत के युद्ध से जुड़ी हुई धरा है। इसके साथ ही यहां पर बाबा खाटू श्याम का सिरसल में भव्य धाम भी बना है। इसलिए हम सभी का प्रयास रहेगा कि हम कुरुक्षेत्र की तरह कैथल को भी भव्य रुप से सजाएंगे। क्योंकि यह भूमि महाभारत के 48 कोस के युद्ध की भूमि है। यहां पर अनेक तीर्थ हैं, जो कैथल का इतिहास बताते हैं।