कैथल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) की बैठक मंगलवार को नीम साहिब गुरुद्वारे में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि यदि हरियाणा सरकार ने अपने वादे के अनुसार 15 जून तक हरियाणा की अलग से सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का गठन नहीं किया तो 25 जून को प्रदेश का सिख समाज कालांवाली में एसजीपीसी सदस्य बाबा गरमीत सिंह की अगुवाई में आंदोलन करेगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के आवास पर की जा रही भूख हड़ताल को आचार संहिता के कारण स्थगित किया गया था। जिसे जरनैल सिंह बराड़ 12 जून से शुरू करने का ऐलान कर चुके हैं। इसी मुद्दे पर मंगलवार को कैथल में एचएसजीपीसी की मीटिंग हुई है। जिसमें बराड़ से भी आग्रह किया गया कि वे आंदोलन में भाग लें। साथ ही सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अलग कमेटी बनाने का जो बयान दिया है, उस पर शीघ्रता से अमल किया जाए।
कालांवाली में होगा आंदोलन का ऐलान
इसके अलावा यह भी फैसला हुआ कि 15 जून तक यदि सरकार ने इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया तो आगामी 25 जून को कालांवाली में एकत्रित होकर बड़े आंदोलन का ऐलान करेगा। उन्होंने अमृतसर में अकाल तख्त में तलवारें चलने की घटना की निंदा की और कहा कि यह पूरे कौम के लिए शर्मनाक है। अकाल तख्त जैसे पावन स्थल पर इस तरह का व्यवहार निंदनीय है।
इस अवसर पर एसजीपीसी के महासचिव जोगा सिंह, जसबीर सिंह खालसा, स्वर्ण सिंह, अवतार सिंह चक्कू, बाबा गुरमीत सिंह, मास्टर संपूर्ण सिंह, अमरजीत सिंह डाचर, सुखविंद्र सिंह, हाकम सिंह, दर्शन सिंह, मुख्त्यार सिंह, त्रिलोक सिंह हरचंदिया, करनैल सिंह निमनाबाद, गुरमुख सिंह, सुखविंद्र सिंह, मेजर सिंह, बलवंत सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे।