कैथल। जिला स्टेडियम में रविवार को आयोजित होने वाले सिख सम्मेलन को लेकर सरकार सरकार काफी संजीदा नजर आ रही है। शनिवार को करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजबीर देसवाल, डीसी एनके सोलंकी सहित अन्य अधिकारियों ने सम्मेलन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस आयोजन स्थल को सुरक्षा की दृष्टि से आठ सेक्टरों में विभाजित किया गया है। अधिकारियों ने गुरु गोबिंद सिंह पट्टी अफगान स्टेडियम में आयोजित होने वाले सिख समागम के लिए आने वाली सिख संगत के बैठने की व्यवस्था, हैलिपैड सहित सुरक्षा व्यवस्था व अन्य बुनियादी इंतजामों का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि समागम में प्रदेश मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वित्तमंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, लोकनिर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला भाग सहित अन्य कांग्रेसी नेता भाग लेंगे।
एक हजार पुलिस कर्मचारी तैनात
आईजी राजबीर देसवाल ने बताया कि आयोजन स्थल पर बनाए गए 350 बाई 225 वर्ग फुट के पंडाल को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत बनाए गए हर सेक्टर में पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को बतौर प्रभारी नियुक्त किया गया है तथा सुरक्षा के लिए एक हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। डीएसपी रविंद्र सिंह, गुरमेल सिंह को पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में 10-10 पुलिस कर्मचारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात रहेंगे तथा इसके इलावा 20 कर्मचारी बेरिकेडिंग के साथ-साथ ड्यूटी देंगे।
लोगों के लिए प्रवेश कैथल-सीवन रोड की ओर से
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि सम्मेलन स्थल पर आम जनता के प्रवेश के लिए कैथल-सीवन रोड पर दो प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। उत्तर-पूर्व द्वार से आम जनता के वाहन पार्किंग के लिए एंट्री रहेगी। ये पार्किंग स्टेडियम के अंदर ही बनाई गई है। इसके उपरांत लोग इंडोर स्टेडियम के पास बने द्वार से सम्मेलन में पहुंचेंगे। वाहन पार्किंग के उपरांत जो व्यक्ति पंडाल में पहुंचेंगे, उनके लिए इंडोर स्टेडियम के पास द्वार नंबर दो बनाया गया है। पैदल आने वाले व्यक्तियों के लिए कैथल-सीवन रोड पर पश्चिम के तरफ गेट नंबर-1 बनाया गया है। प्रत्येक द्वार पर पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
वीआईपी एंट्री सिरटा रोड से
वीआईपी द्वार खेल स्टेडियम में सिरटा रोड पर बनाया गया है। यहां तैनात पुलिस कर्मचारी सुनिश्चित करेंगे कि इस गेट से वीआईपी के अतिरिक्त अन्य वाहनों के समारोह स्थल पर आने की अनुमति नहीं होगी। सम्मेलन स्थल पर पहुंचने वाले व्यक्तियों, महिलाओं और बच्चों को पंडाल में सुविधाजनक रूप से बैठाया जाएगा। समारोह स्थल के अंदर किसी भी प्रकार के रेडियो, ट्रांजिस्टर ले जाने की मनाही होगी। उन्होंने बताया कि पुलिस बल पर्याप्त तैनाती किसी भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सक्षम रहेगी।
पब्लिक पार्किंग खेल स्टेडियम में
डीसी एन के सोलंकी ने बताया कि पंडाल में सिख संगत के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी तथा इसके अतिरिक्त प्रेस और अतिविशिष्ट व्यक्तियों के लिए अलग से दीर्घाएं बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि आम जनता के लिए प्रवेश द्वारों पर पहचान के लिए कमेटी के सदस्य भी सहयोग के लिए मौजूद रहेंगे। वीआईपी कार पार्किंग खेल स्टेडियम में बने बास्केट बॉल ग्राउंड में बनाई गई है तथा पब्लिक पार्किंग भी खेल स्टेडियम में एक साइड अच्छे तरीके से करवाई जाएगी।