संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कैथल। पुलिस के नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत वीरवार को कैथल व सीवन क्षेत्र के गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। उझाना, डोहर, मलिकपुर, फिरोजपुर व दयोरा के शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विद्यार्थियों व आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
इस मौके पर जागरूकता टीम में शामिल एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल व एसपीओ प्रदीप कुमार ने लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। समझाया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि उसके पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर पुलिस टीमों ने नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को काउंसलिंग कर इलाज करवाने के लिए भी प्रेरित किया तथा लोगों से अपील की कि वे अपने आस-पड़ोस में नशा करने वाले या नशा बेचने वालों की जानकारी पुलिस को गुप्त रूप से दें।