संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से की गई व्यवस्था सराहनीय रही।
रोडवेज की मुफ्त सेवा के साथ-साथ बस अड्डे से परीक्षा केंद्रों तक विशेष शटल बसें भी चलाई गईं, जिनकी सुविधा मिलने पर परीक्षार्थी और उनके अभिभावक खुशी से झूम उठे।
परीक्षार्थियों ने कहा कि इस बार की व्यवस्थाएं पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक सुव्यवस्थित और सहायक रहीं। न केवल लंबी दूरी की यात्रा सुगम रही, बल्कि कैथल पहुंचने के बाद भी परीक्षा केंद्रों तक समय पर और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की गई।
नरवाना की श्वेता ने सरकार की तारीफ में कहा कि पहले युवाओं को सरकार ने बिना पर्ची-खर्ची नौकरी दी। अबकी कैथल तक और वहां से परीक्षा केंद्र तक सब कुछ फ्री था। अब जब परीक्षा भी बिना खर्च हुई है, तो मुझे भरोसा है कि जॉब भी बिना पर्ची-खर्ची मिलेगी।
पहली बार सभी को सीट मिली सफर भी आरामदायक रहा
इस बार बस सेवा बहुत बेहतर रही। पिछली बार बसों में भीड़ से खड़े रहना पड़ता था, लेकिन इस बार सभी को सीट मिली। शटल बस ने हमें समय पर सेंटर पहुंचा दिया। आरामदायक सफर रहा तो थकावट नहीं हुई, परीक्षा भी अच्छी गई। - सविता, जींद निवासी
नरवाना से सीधी बस और फिर सेंटर तक शटल
नरवाना से सीधी बस सेवा मिली और फिर कैथल में सेंटर तक शटल बस सेवा। सब कुछ निःशुल्क रहा। हमारी जेब से एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ। हर बस पर साफ लिखा था कि वह किस सेंटर जाएगी। कहीं कोई असमंजस नहीं था। -नसीहत, नरवाना निवासी
पहले सेंटर पहुंचे, बस सेवा अनुशासित और सरल रही
नरवाना से निकलकर कैथल तक का सफर आरामदायक रहा। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंच गए। बस सेवा अनुशासित और सरल रही। नतीजा, कोई तनाव नहीं रहा।
-शालू, अभिभावक, नरवाना
बस गेट पर उतार गई
मुख्यमंत्री की इस योजना के लिए धन्यवाद। सामान्य बस स्टैंड से लेकर परीक्षा केंद्र तक की यात्रा बिलकुल सहज रही। हमें परीक्षा केंद्र के गेट पर उतारा गया, जिससे न कोई परेशानी हुई, न कोई भागदौड़। -नेहा, जींद निवासी
सुबह ही बस मिल गई
सरकार और एचएसएससी ने मिलकर जो सुविधा दी, वो अभूतपूर्व है। सुबह 5:30 बजे ही बस मिल गई। केंद्र तक पहुंचना भी आसान रहा। हर स्तर पर सहयोग मिला। परीक्षा के बाद वापसी की भी पूरी व्यवस्था रही। -प्रीति, परीक्षार्थी, नरवाना
कॉल पर मांगी मदद तो एसपी ने परीक्षार्थी को पहुंचाया अंबाला
पुलिस कंट्रोल रूम में एक परीक्षार्थी ने कॉल कर अंबाला पहुंचने की मदद मांगी। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और उसे बस से अंबाला रवाना किया गया। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि दो दिनों की सीईटी परीक्षा शांतिपूर्वक व सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था को संभालने वाले सभी पुलिस कर्मियों को सराहना दी और कहा कि सभी ने जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।