भगवान कृष्ण के जन्म को लेकर सजाएं जा रहे मंदिर। संवाद
राजौंद। श्री दुर्गा मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर को धार्मिक श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के लिए मंदिर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का विशेष शृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए झूला भी लगाया जाएगा, जहां वे लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे। जन्माष्टमी के दिन मंदिर में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। महिलाएं, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर आकर्षण का केंद्र बनेंगे। रात्रि में विशेष जागरण का आयोजन किया जाएगा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर विशेष पूजा और आरती होगी। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठेगा। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
भगवान कृष्ण के जन्म को लेकर सजाएं जा रहे मंदिर। संवाद