कैथल। कैथल रोडवेज डिपो में 130 परिचालकों की कमी है। अब 46 परिचालकों के सब इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत होने के बाद भी विभाग को उनसे परिचालक की ड्यूटी लेनी पड़ेगी। नई भर्ती होने तक इन कर्मचारियों को बसों में टिकट काटने की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
डिपो में सरकारी और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से करीब 315 परिचालक कार्यरत हैं। वहीं 148 रोडवेज और 23 किलोमीटर स्कीम की बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों की संख्या और रूटों के अनुसार परिचालकों की उपलब्धता कम होने से विभाग को कर्मचारियों की ड्यूटी का प्रबंधन करने में परेशानी हो रही है। सभी रूटों पर बसों का संचालन जारी रखने के लिए उपलब्ध स्टाफ से ही काम चलाया जा रहा है।
पदोन्नति के बाद भी परिचालक की जिम्मेदारी
विभाग की ओर से 46 परिचालकों को पदोन्नत कर सब इंस्पेक्टर बनाया गया है। इसके बावजूद परिचालकों की कमी के कारण उन्हें फिलहाल बसों में टिकट काटने का काम करना होगा। नई भर्ती होने के बाद ही इन कर्मचारियों को परिचालक की जिम्मेदारी से राहत मिलने की उम्मीद है। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इनसे परिचालक का काम लिया जाएगा।
बसों से रोजाना 14 से 15 लाख रुपये की आमदनी
कैथल डिपो की बसों से रोजाना करीब 14 से 15 लाख रुपये की आमदनी होती है। यात्रियों को विभिन्न रूटों पर परिवहन सुविधा देने के लिए पर्याप्त परिचालकों की जरूरत है। कर्मचारियों की कमी के बीच बसों का संचालन नियमित रखना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
यातायात प्रबंधक ने कहा, नहीं आने देंगे परेशानी
यातायात प्रबंधक विपुल कुमार ने बताया कि 46 परिचालक पदोन्नत होकर सब इंस्पेक्टर बने हैं। रूटों पर बसों के संचालन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। तब तक सब इंस्पेक्टर ड्यूटी देंगे।
बस अड्डा पर खड़े यात्री। संवाद