संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। श्री सनातन धर्म सभा स्थित बाल उपवन आश्रम की स्पेशलाइज्ड एडाप्शन एजेंसी प्रदेश और देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी ऐसे परिवारों को रोशन कर रही है जिनमें किसी कारण से बच्चे नहीं हैं। अबकी इटली के दंपती ने शिवम नामक बच्चे को गोद लिया है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिवम इटली जाकर उनके परिवार का नाम रोशन करेगा।
गौरतलब है कि अभी तक 65 घरों में संतान गोद देकर इस एजेंसी अपने होने की सार्थकता को प्रमाणित किया है। सुखद पहलू है कि अब विदेश से भी अभिभावक यहां बच्चा गोद लेने पहुंच रहे हैं। श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान रवि भूषण गर्ग ने बताया कि इटली के दंपती एंड्रिया फ्रेंगिआनी और मारिया ग्रासिनी ने एक सात वर्षीय बच्चे शिवम को गोद लिया है। पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इटालियन दंपती को बच्चा सौंपा गया। फिलहाल यह बच्चा दूसरी कक्षा में पढ़ता है।
गर्ग ने कहा कि इस अवसर पर इटली के इस परिवार से पूछा गया कि अपने गोद लेने के लिए भारत को ही क्यों चुना तो उन्होंने बताया कि भारत की संस्कृति बहुत अच्छी है। यहां के लोग अच्छे हैं जब अच्छी संस्कृति का बच्चा हमारे परिवार में आएगा तो हमारे घर में भी अच्छी संस्कृति का प्रवाह होगा। प्रधान रवि भूषण गर्ग ने बताया कि यह 65वां बच्चा गोद जा रहा है और विदेश में तीसरा बच्चा गया है। इससे पहले एक बच्चा बेल्जियम और दूसरा कनाडा के दंपती ने गोद
लिया था।
इस अवसर पर सभा सचिव रघुवीर चंद गर्ग, सुरेंद्र सिंह, नरेश पवार, प्रिंस, महिपाल मौजूद रहे।