संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय के सभी संकायों की स्नातक स्तर की द्वितीय वर्ष की तथा स्नातकोत्तर प्रीवियस ईयर की छात्राओं ने अपनी वरिष्ठों को भावपूर्ण विदाई दी। इस मौके पर खट्टे-मीठे अनुभव साझा करने के साथ कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में कालेज प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कॉलेज प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग व सायं कालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यातिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर की। फेयरवेल पार्टी की शुरूआत में सभी संकायों की फाइनल ईयर की छात्राओं ने कॉलेज की प्राचार्या व स्टाफ सदस्यों को शीर्षक दिए। इस बीच सभी संगीत की धुन पर झूम उठे। सभी संकायों को जूनियर छात्राओं ने सीनियर छात्राओं को शीर्षक दिए।
प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि वे हमेशा कालेज की प्राध्यापिकाओं के मार्गदर्शन से लाभान्वित होती रही हैं। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने सभी छात्राओं को उनके उज्त्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही जो छात्राएं आईएएस और आईपीएस की परीक्षा पास करेंगी उन छात्राओं को एक लाख नगद पुरस्कार स्वरूप दिया जाएगा।
इसी प्रकार एचसीएस व एचपीएस परीक्षा को पास करने वाली छात्राओं को 50 हजार नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने वाली आईजी कॉलेज की छात्राओं को 25000 रुपये कोचिंग के लिए स्कॉलरशिप दी जाएगी व सभी प्रकार की पुस्तकें मुहैया करवाई जाएगी।
इस अवसर पर सीनियर छात्राओं ने फैशन शो में भाग लिया, जिसमें बीएससी नॉन मेडिकल की सिमरनजीत को मिस आईजी, बीए फाइनल की विशाखा को प्रथम रनरअप तथा बीकॉम फाइनल की प्रिया को द्वितीय रनर अप,
बीएससी फाइनल की गोरी को मिस बेस्ट स्माइल, बीएएमसी फाइनल की सचलीनप्रीत को मिस वेस्ट कास्टयूम के पुरस्कार से नवाजा।