जितेंद्र पांचाल
कैथल। शहर के मुख्य मार्गों पर बार-बार बंद हो रहे सीवरेज की समस्या से अब लोगों को जल्द निजात मिलेगी। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मार्गों पर नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएंगी। इसके लिए विभाग ने करीब पांच रुपये का टेंडर लगाया है। इसके तहत जर्जर हो चुकी लाइनों को बदला जाएगा और उनके स्थान पर नई लाइन बिछाई जाएंगी। नई बिछाई जाने वाली लाइनों की लंबाई सभी स्थानों पर मिलाकर चार किलोमीटर से ज्यादा रहेगी। विभाग ने जल्द ही यह कार्य शुरू करवाने की बात कही है।
इन स्थानों पर बिछाई जाएंगी नई लाइन
करनाल रोड स्थित सर छोटूराम चौक से शेरगढ़ रोड तक बिछाई जाने वाली सीवरेज लाइन की लंबाई ढाई किलोमीटर के करीब रहेगी। टेंडर के अनुसार यह लाइन सबसे बड़ी रहेगी। पिहोवा चौक से लेकर पार्क रोड तक करीब 300 मीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। ढांड रोड स्थित सर छोटूराम चौक से लाला चरणदास शोरेवाला मार्ग की शुरुआत तक बिछाई जाने वाली नई लाइन की लंबाई सवा किलोमीटर के करीब रहेगी। इसके अलावा करनाल रोड स्थित सर छोटूराम चौक से बालाजी कॉलोनी की शुरुआत तक करीब आधा किलोमीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। कुछ सामान्य गलियों में भी लाइन बिछाने की विभाग ने योजना बनाई है।
गौरतलब है कि शहर के इन सभी मुख्य मार्गों पर सीवरेज की लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। किसी न किसी स्थान पर सीवरेज बंद होने की समस्या हमेशा रहती है। विभाग के पास इन स्थानों से शिकायतें भी काफी पहुंचती हैं। शिकायत मिलने के बाद कर्मचारी बंद सीवरेज की खोल देते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद फिर वही स्थिति हो जाती है। ऐसे में इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए विभाग ने नई लाइन बिछाने का निर्णय लिया है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतपाल रोज ने कहा कि सीवरेज लाइन बिछाने के लिए टेंडर लग चुका है। विभाग के अनुसार मई माह में नई लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा। इन लाइनों से निकासी व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।