संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। नगर में सीवरेज की खोदाई के बाद बार बार गलियां और सड़कों में गड्ढे बनाए जा जाते हैं। बार-बार जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन गड्ढों को भरने की कवायद की जाती है। बड़ी मुश्किल से अब यह गड्ढे होने बंद हुए थे कि एक बार फिर से गैस पाइप लाइन के लिए नगर में कई स्थानों पर गड्ढे बनाए गए हैं। जिससे नगर निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सीवन में सोसायटी चौक पर, सोसायटी बैंक के पीछे, मेन रोड पर, डीएवी कालोनी में, फिरोजपुर रोड पर यह गड्ढे किए थे जोकि इंद्रप्रस्थ गैस लि. की ओर से नगर में गैस की पाइप लाइन डालने के लिए किए गए थे। कई स्थानों पर तो इन गड्ढों को बनाने के लिए मशीन द्वारा पेयजल की पाइप लाइन भी तोड़ दी गई और कई स्थानों पर बाद में पानी की लाइनों में लीकेज बन गए।
अब गैस की पाइप लाइन दबा कर कंपनी वाले तो चले गए, लेकिन फिर से इन गड्ढों में बार बार लीकेज होने के कारण पानी भर रहा है और यहां पर दोबारा से गड्ढे उभर रहे हैं। नगर निवासी हरि किशन तनेजा, केवल, भीषू चौधरी, विक्की, गगन, राज कुमार व अन्य का कहना है कि सोसायटी बैंक के पास और सोसायटी बैंक रोड पर सभी गड्ढों में पानी लीकेज हो रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन गड्ढों की दोबारा से खोदाई कर दी गई और कई दिनों से इन गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया है।
इसके चलते रात के समय कोई भी हादसा तक हो सकता है। नगर निवासियों का कहना है कि सीवन में बार बार सड़कों पर खोदाई की जा रही है। कभी सीवरेज के लिए तो कभी पेयजल आपूर्ति के लिए, कभी रिपेयर के लिए और कभी गैस पाइप लाइन के लिए सड़कों को खोदा जा रहा है। इसके कारण से बार बार नगर की गलियां भी खराब हो रही है और साथ ही बार बार गड्ढे हो रहे हैं।
कई बार पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन टूट जाती है जिसके कारण दूषित पेयजल भी घरों में पहुंचता है। अब एक बार फिर से गैस की पाइप लाइन के लिए गड्ढे किए गए हैं और उनमें लीकेज के कारण गड्ढे खोदकर दोबारा से खुला छोड़ दिया गया है। सर्दी की रातें हैं और अंधेरा भी अधिक होता है। ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है।