कलायत वासियों द्वारा जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ ढोल नगाड़े बजाकर किए गए प्रदर्शन की आवाज आखिरकार अधिकारियों के कानों तक पहुंच गई। शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुरेंद्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता अजय ढुल नगर में ठप्प सीवरेज व्यवस्था से जुड़े मामले के हल के लिए अवकाश दिवस शनिवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने सीवरेज-पेयजल के गहराए मुद्दे को लेकर नगर पालिका चेयरपर्सन रजनी राणा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि सलिंद्र प्रताप राणा, नगर पार्षद रणबीर धानियां, राजीव राजपूत, हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन प्रांतीय कोषाध्यक्ष संजय सिंगला, बैशाखी राम जेष्ठ, विश्वकर्मा संगठन प्रधान धर्मपाल धीमान, हरियाणा अग्रवाल संघर्ष समिति प्रदेशाध्यक्ष बीडी बंसल, सतीश धीमान, सोमनाथ राणा और दूसरे गणमान्य लोगों के समक्ष विभाग की स्थिति स्पष्ट की। एसडीओ ने बताया कि नगर में करीब चार किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन का जाल बिछा है। इसे समूचे नगर को निकासी की सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। नगर की सीवरेज और पेयजल से जुड़ी मांग का प्रारूप तैयार कर बड़े अधिकारियों को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद भी व्यवस्था को मजबूत बनाने का कार्य जमीनी स्तर पर शुरू होगा। बातचीत में यह स्पष्ट हुआ कि वर्ष 2012 से अब तक नगर में बिछाई गई करीब चार किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन की न तो सफाई हुई है और न रिपेयर। कुलवंत नगर से गुजर रही सीवरेज की 40 इंच साइज की लाइन के ठप्प होने और मुख्य निकास केंद्र पर संसाधनों का अभाव होने के कारण रिपेयर-सफाई का कार्य सिरे नहीं चढ़ पा रहा है।