जिले में नए कोरोना संक्रमितों की संख्या में तो कमी आ रही है। लेकिन मृतकों की संख्या में कमी नहीं आ रही। शुक्रवार को भी जिले में सात संक्रमितों की मौत हो गई। 56 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 74 लोगों ने कोरोना को हराने में भी सफलता हासिल की है।
डीसी सुजान सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जानकारी देते हुए बताया कि जिला में अलग-अलग जगहों से कोरोना वायरस से संक्रमित 56 नए केस सामने आए हैं। शुक्रवार को 7 लोगों की मृत्यु हुई हैं, जिनमें 6 पुरूष तथा 1 महिला शामिल हैं। इनमें से 3 व्यक्तियों का इलाज जिले के बाहर से चल रहा था। उन्होंने बताया कि मृतकों में 48 वर्षीय छौत निवासी पुरुष, 57 वर्षीय कमालपुर निवासी पुरुष, 55 वर्षीय सौथा निवासी पुरुष तथा 80 वर्षीय नंदकरण माजरा निवासी महिला शामिल हैं, जिनका इलाज जिला के नागरिक अस्पताल में चल रहा था।
इसके अलावा शुक्रवार को 74 कोरोना मरीज ठीक होने उपरांत डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। नागरिक अस्पताल कैथल से 8, शाह अस्पताल से 2, उजाला सिग्नस अस्पताल से 1 तथा होम आइसोलेशन में रहे 63 व्यक्तियों ने कोरोना को मात दी। जिला में 10 हजार 609 कोरोना के मरीजों में से 9 हजार 778 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब कोरोना के एक्टीव केस 546 रह गए हैं। अभी तक लिए गए 2 लाख 44 हजार 443 में से 2 लाख 32 हजार 945 सैपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जिले का रिकवरी रेट 92.1 प्रतिशत हो गया है।
डीसी ने बताया कि जिले में 414 मरीज होम आइसोलेशन में है। इन लोगों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया जाता है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में होम आईसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों को मेडिकल किट, आयुर्वेदिक दवाइयों की होम डिलीवरी की जा रही है।
वैक्सीनेशन में 1 लाख 71 हजार व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से 1 लाख 45 हजार 177 व्यक्तियों को पहली डोज तथा 25 हजार 823 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। स्टॉक में इस समय जिले में 7 हजार 580 वैक्सीन उपलब्ध हैं, जिसमें से 3 हजार 750 कोविशिल्ड तथा 3 हजार 830 कोवैक्सीन है।