कैथल। असम राइफल फौज में नौकरी लगाने के नाम पर दो आरोपियों ने एक युवक से सात लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव किठाना निवासी बलकार सिंह ने चीका थाना में शिकायत दी कि उसकी गांव भागल निवासी रवि कुमार के साथ पहचान थी। रवि ने एक दिन उसे बताया कि उसका एक दोस्त है जो बच्चों को सरकारी नौकरी लगाने की बात करता है। उसने इस संबंध में अपने परिवार से बातचीत कर जवाब देने की बात कही। उसके बाद रवि ने उसे गांव कासनी खुर्द बहल भिवानी निवासी राकेश कुमार को चीका चौक पर बुलाया और असम राइफल फौज में नौकरी लगवाने की बात कही।
उनका सात लाख रुपये में सौदा तय हो गया। दो दिन बाद आरोपी राकेश कुमार उसे फिजिकल और मेडिकल के असम ले गया, जहां पर होटल के कमरे में उसका फर्जी फिजिकल और मेडिकल जांच कराई। उसके साथ धोखाधड़ी करने की नीयत से आरोपियों ने अन्य आठ लड़कों का भी फिजिकल और मेडिकल जांच कराई। 8-10 दिन बाद 17 जुलाई 2021 को आरोपी चीका चौक पर आ गए। उन्होंने एक रची-रचाई साजिश के तहत फर्जी रोल नंबर दे दिया और उससे तीन लाख 50 हजार रुपये नकद ले लिए। आरोपियों ने 22 जुलाई 2021 को असम राइफल फौज की नौकरी के लिए असम में एक होटल में ही उसका व अन्य 8-10 लड़कों का पेपर लिया।
15 अगस्त को नौकरी पाने वालों की एक जाली लिस्ट जारी की, जिसमें उसका और अन्य लड़कों का नाम शामिल था। फिर आरोपियों ने नौकरी की बधाई देते हुए बकाया रकम तीन लाख 50 हजार लेकर भिवानी बुला लिया व कहा कि एक महीने के अंदर ज्वाइनिंग हो जाएगी। दो महीने तक इंतजार के बाद जब आरोपियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि अभी नई भर्ती पर रोक लगी हुई है, बस थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। इस तरह वे छह महीने तक इंतजार करते रहे।
शक होने पर उन्होंने असम जाकर पता किया तो उन्होंने जानकारी मिली कि फिलहाल में ऐसी कोई भी भर्ती नहीं हुई है। उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। आरोपियों ने धोखाधड़ी से उसके सात लाख रुपये हड़प लिए। जांच अधिकारी बिलाशा राम ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।