कैथल। नेशनल ओपन की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर पेपर देने वाले पांच युवक और दो युवतियों को पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अखिल भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सुपरिटेंडेंट विकास शर्मा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि सोमवार को स्कूल में नेशनल ओपन की परीक्षा थी। इसमें 12वीं के छात्र अंग्रेजी विषय का पेपर देने के लिए आए हुए थे। चेकिंग के दौरान पांच युवक और दो युवतियां पकड़ी गई। वे सभी दूसरे के स्थान पर पेपर देने के लिए आए हुए थे। इनमें पाडला व करनाल निवासी छात्रा के साथ राजौंद, कुरुक्षेत्र, खरकड़ा, कैथल और कुराड निवासी पांच छात्रों के स्थान पर परीक्षा देते हुए दूसरे लोग पकड़े गए हैं। सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर हितेंद्र ने बताया कि पुलिस ने सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर पांच युवक और दो युवतियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।