कैथल। ज्वेलरी की दुकान पर काम कर रहे पिता और पुत्र ने 60 लाख का आभूषण पार कर दिया। सनसिटी कैथल निवासी नरेश कुमार ने बताया कि सराफा बाजार में उसकी आभूषण की दुकान है। वह दिल्ली से थोक में सोना-चांदी खरीदकर लाता है। इसके बाद आभूषण बेचने का कारोबार करता है। उसने दुकान पर कैथल के चौधरी मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार और उसके बेटे अक्षत को नौकरी पर रखा था। उसने बताया कि आठ दिसंबर 2021 को वह बुखार से पीड़ित था और दोनों आरोपी दुकान की देखभाल कर रहे थे। जब वह ठीक होकर दुकान पर पहुंचे तो दुकान बंद मिली और शटर पर ताला लटका हुआ था। उसने दोनों आरोपियों को फोन किया तो उन लोगों ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह दोनों आरोपियों से चाबी लेने गया तो आरोपियों ने चाबी देने से मना कर दिया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने 12 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर शहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उसने शिकायत में बताया कि दुकान का ताला खोला तो दुकान में सोने और चांदी के आभूषण नहीं थे। दोनों आरोपी दुकान से करीब 60 लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।